उत्तर प्रदेश : यूपी के बुलंदशहर में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन की मीट फैक्ट्री को सील कर दिया है। अलीगढ़ में पकड़े गए 700 किलो मीट के सैंपल में गोमांस (बीफ) होने की पुष्टि के बाद यह कड़ा कदम उठाया गया है। इस गंभीर मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री के भाई और मीट फैक्ट्री के मालिक समेत उनके दो अन्य साझेदारों को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
फॉरेंसिक जांच में हुआ गोमांस का सनसनीखेज खुलासा
मिली जानकारी के मुताबिक, बीते 15 जनवरी को अलीगढ़ के थाना चंडौस क्षेत्र में एक लोडर वाहन से करीब 700 किलो संदिग्ध मीट पकड़ा गया था। उस दौरान वाहन चालक ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि यह भारी मात्रा में मीट खुर्जा स्थित ‘अल हम्द फ्रोजन फूड्स’ से लाया गया था। इस फैक्ट्री के मालिक अनवर हुसैन हैं, जो साल 1991 में प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे सरवर हुसैन के भाई हैं। अलीगढ़ पुलिस ने इस मीट के सैंपल को जांच के लिए मथुरा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा था। फॉरेंसिक जांच में जब इस मीट के गोमांस होने की आधिकारिक पुष्टि हुई, तो पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई।
मालिक गिरफ्तार, 8 घंटे तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी
गोमांस की पुख्ता रिपोर्ट आने के बाद अलीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को खुर्जा पहुंचकर फैक्ट्री के मालिक अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। इसके अगले ही दिन शनिवार को उनके दो अन्य साझेदारों को भी पुलिस ने दबोच लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को बुलंदशहर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने खुर्जा के मूंडाखेड़ा स्थित इस फैक्ट्री पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई यह मैराथन जांच-पड़ताल लगातार आठ घंटे तक चलती रही। इस दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री से जुड़े कई अहम दस्तावेज खंगाले।
मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने सील किया स्लॉटर हाउस
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि जांच समिति की पड़ताल में यह साफ हुआ है कि फैक्ट्री में निर्धारित मानकों का पूरी तरह से पालन नहीं किया जा रहा था। प्रथम दृष्टया भारी अनियमितताएं पाए जाने पर समिति ने सख्त कदम उठाते हुए फैक्ट्री के नौकिंग बॉक्स को तत्काल प्रभाव से सील करने का निर्णय लिया। प्रशासन के इस कड़े फैसले के बाद अब इस फैक्ट्री के अंदर भविष्य में किसी भी तरह के स्लॉटर (पशु कटान) का काम नहीं किया जा सकेगा।
700 किलो गोमांस सप्लाई का भंडाफोड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री के भाई की मीट फैक्ट्री सील, मालिक गिरफ्तार पढिए पूरी खबर

